डेस्क | हर साल 14 सितंबर को देशभर में हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन उस ऐतिहासिक फैसले की याद दिलाता है, जब 1949 में संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। हिंदी दिवस केवल एक भाषा का उत्सव नहीं, बल्कि भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को समझने और उसका सम्मान करने का अवसर भी है।
कबीर, तुलसीदास से लेकर प्रेमचंद, महादेवी वर्मा और रामधारी सिंह दिनकर जैसे महान साहित्यकारों ने हिंदी साहित्य को अपनी रचनाओं से समृद्ध किया है। इनकी कृतियों ने न सिर्फ भाषा को नई ऊंचाई दी, बल्कि समाज को दिशा देने और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर देशभर के स्कूल-कॉलेजों में निबंध लेखन, भाषण, कविता पाठ और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य युवा पीढ़ी में हिंदी भाषा के प्रति लगाव और गर्व की भावना पैदा करना है।
